Sugar Times
Breaking News
No breaking news at the moment

Sultanpur News: डिमोशन के बाद अब चीनी मिल के जीएम का तबादला

By Sugar Times Team

18 November 2024

Sultanpur News: डिमोशन के बाद अब चीनी मिल के जीएम का तबादला

द्वारिकागंज (सुल्तानपुर)। जिले की इकलौती किसान सहकारी चीनी मिल के महाप्रबंधक को शीरा जांच में दोषी पाए जाने पर उन्हें पद से हटाकर इसी मिल में चीफ केमिस्ट की जिम्मेदारी दे दी गई थी। प्रमुख सचिव गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग ने अब उनका तबादला कर दिया है। उनके स्थान पर जिला गन्नाधिकारी को किसान सहकारी चीनी मिल का प्रभार सौंपा गया है।

करीब तीन माह पहले सरसावां चीनी मिल सहारनपुर में दो टैंकर शीरा अवैध ढंग से मिल के बाहर पकड़ा गया था। दोनों टैंकर चालक के साथ मिल के शीरा बाबू व एक अन्य को जेल जाना पड़ा। सरसावां चीनी मिल में हुए इस तरह के खेल से पूरे प्रदेश की चीनी मिलों में हड़कंप मच गया था।

प्रमुख सचिव गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग बीना कुमारी मीणा ने पूरे प्रदेश की सहकारी चीनी मिलों में शीरे की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी। जांच में सहकारी चीनी मिल के अधिकारी भी दोषी पाए गए थे। शीरा की मात्रा जो शासन को रिपोर्ट में भेजी गई थी, मिल की शीरा डैम में उससे अधिक पाया गया था। प्रमुख सचिव गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग ने मुख्य रसायनज्ञ एनके गौड़ को चीनी मिल से संपूर्णानगर चीनी मिल लखीमपुर खीरी भेज दिया। जबकि प्रधान प्रबंधक विनोद कुमार यादव को इसी चीनी मिल में पदावनत कर चीफ केमिस्ट की जिम्मेदारी सौंप दी थी। अब फिर महमूदाबाद सीतापुर चीनी मिल के लिए तबादला कर दिया है। इससे एक बार फिर चीनी मिल में हड़कंप मच गया है।

प्रमुख सचिव गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग के आदेश पर विनोद कुमार यादव का तबादला हुआ है। काम प्रभावित न हो, इसलिए जब तक कोई स्थायी जीएम की नियुक्ति नहीं हो जाती, मुझे चीनी मिल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। -राजेंद्र प्रसाद जिला गन्ना अधिकारी सुल्तानपुर।

Share this article
S
Sugar Times Team

http://sugartimes.co.in

Published: 18 November 2024

Covering India's sugar & bio-energy industry — market news, policy updates, and agricultural intelligence for the industry.

Leave a Reply

Log in to leave a comment.