Sugar Times
Breaking News
No breaking news at the moment

‘ऊर्जा दाता बन सकता है उत्तर प्रदेश का किसान’, ग्रीन भारत समिट में नितिन गडकरी ने कहा- इथेनॉल की इकोनॉमी सबसे महत्वपूर्ण

By Sugar Times Team

2 December 2024

‘ऊर्जा दाता बन सकता है उत्तर प्रदेश का किसान’, ग्रीन भारत समिट में नितिन गडकरी ने कहा- इथेनॉल की इकोनॉमी सबसे महत्वपूर्ण

उत्तर प्रदेश में ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में बड़े बदलाव की तैयारी है। दैनिक जागरण व इंवेस्ट यूपी की ओर से आयोजित ग्रीन भारत समिट में केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि किसान खेती का विविधीकरण करके अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जा दाता भी बन सकते हैं। उन्होंने इथेनॉल सीएनजी व इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को बढ़ावा देने की बात कही।

  1. विश्व गुरु बनने के लिए निर्यात को बढ़ाना बेहद जरूरी
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण हो सकती है। सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ी सहजता से अन्नदाता किसानों को ऊर्जा दाता बनने की दिशा दिखाई। कहा, खेती का विविधीकरण करके किसान केवल अन्नदाता नहीं बल्कि ऊर्जा दाता बन सकता है। ईंधन दाता बन सकता है। हवाई ईंधन दाता भी बन सकता है। इसमें उत्तर प्रदेश की अग्रणी भूमिका होगी। 

इथेनॉल उत्तर प्रदेश में बहुत महत्वपूर्ण: गडकरी

दैनिक जागरण व इंवेस्ट यूपी की ओर से आयोजित ग्रीन भारत समिट में गडकरी ने बढ़ते प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए इथेनॉल, सीएनजी व इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग की ओर कदम बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

भविष्य दृष्टा की तरह आने वाले समय की जरूरतों व किसानों की बढ़ती भूमिका भी बताई। कहा, इथेनॉल उत्तर प्रदेश में बहुत महत्वपूर्ण है। हमारे देश में इथेनॉल ही ऐसा ईंधन है, जो पेट्रोल का विकल्प है। शत प्रतिशत इथेनॉल की कार बाजार में छह माह के भीतर लांच होने जा रही हैं, जिनसे एकदम प्रदूषण नहीं होगा।
उप्र की चीनी मिलों में जो इथेनॉल बनेगा, वह निर्यात भी होगा। कहा, इंडियन ऑयल के पंप हैं, वैसे इथेनॉल के पंप होंगे। इंडियन ऑयल 400 इथेनॉल पंप लगाने का काम शुरू कर चुका है। कंपनियों ने बाजार में इथेनॉल से चलने वाले स्कूटर व ई-रिक्शा भी लांच किए हैं। 

ग्रीन भारत की कल्पना- पेट्रोल के आयात को कम करना

कहा, ग्रीन भारत की जो कल्पना है, उसमें पेट्रोल के आयात को कम करना है। इथेनॉल की इकोनॉमी सबसे महत्वपूर्ण है, जो चार राज्यों से संबंधित है। इनमें पहले नंबर पर उत्तर प्रदेश है। दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र, तीसरे नंबर पर कर्नाटक व चौथे नंबर पर तमिलनाडु है। आने वाले समय में गन्ने में सुरक्षा व कमाई दोनों हैं। इसके लिए गन्ने का प्रति एकड़ उत्पादन बढ़ाना बहुत महत्वपूर्ण है। गडकरी ने भविष्य में ईंधन के रूप में हाइड्रोजन के उपयोग तथा पराली से सीएनजी व एनएलजी बनाए जाने पर भी जोर दिया। कहा, पर्यावरण हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए दैनिक जागरण की ओर से आयोजित ग्रीन भारत समिट की सराहना की। कहा, देश में चालीस प्रतिशत वायु प्रदूषण के लिए परिवहन विभाग जिम्मेदार है। देश में 42 लाख करोड़ रुपये विशेषकर पेट्रोल व डीजल का आयात करते हैं, जिससे प्रदूषण बढ़ता है। देश में आयात को कम करना व निर्यात को बढ़ाना देश के विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस फाइव ट्रिलियन इकोनॉमी की बात करते हैं। विश्वगुरु अगर हमको बनना है और विशेष रूप से दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनना है तो हमें आयाम को कम करना होगा। इससे पूर्व दैनिक जागरण के प्रबंध संपादक तरुण गुप्त ने नितिन गडकरी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
Share this article
S
Sugar Times Team

http://sugartimes.co.in

Published: 2 December 2024

Covering India's sugar & bio-energy industry — market news, policy updates, and agricultural intelligence for the industry.

Leave a Reply

Log in to leave a comment.