गन्ना मशीनरी एवं प्रौद्योगिकी प्रदर्शन मेला हुआ आयोजित
भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान (आईआईएसआर), लखनऊ द्वारा २९ मार्च २०२६ को कृषि उपकरण एवं मशीनरी पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसन्धान परियोजना के अंतर्गत एक दिवसीय प्रौद्योगिकी एवं मशीनरी प्रदर्शन मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ जिले के विभिन्न गांवों से लगभग ३०० किसानों ने भाग लिया, जिनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. दिनेश सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कृषि और गन्ना मशीनरी से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी किसानों को उपलब्ध कराने से खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कृषि अभियांत्रिकी प्रभाग को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी।
कृषि अभियांत्रिकी प्रभाग के अध्यक्ष डॉ. एम. के. सिंह ने प्रभाग द्वारा विकसित प्रमुख तकनीकों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद संस्थान परिसर में विभिन्न आधुनिक कृषि उपकरणों और मशीनरी का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में उन्नत गन्ना मशीनरी जैसे डीप फर्रो शुगरकेन कटर प्लांटर, रेज्ड बेड शुगरकेन कटर प्लांटर-कम-सीडर और शुगरकेन रेटून प्रबंधन यंत्र को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा छोटे उपकरणों में शुगरकेन डिट्रैशर, इंटरक्रॉप बुवाई के लिए मैनुअल सीड ड्रिल और केन नोड कटर का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने संस्थान की गुड़ इकाई का भी भ्रमण किया, जहां उन्हें गुड़ बनाने की प्रक्रिया और उससे जुड़ी मशीनरी की जानकारी दी गई। किसानों ने इन तकनीकों की सराहना करते हुए कहा कि इन आधुनिक उपकरणों के उपयोग से खेती को अधिक आसान और लाभकारी बनाया जा सकता है। इस अवसर पर डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. हिमांशु एस. पांडेय, डॉ. श्याम नाथ और डॉ. राजेश यू. मोदी सहित कृषि अभियांत्रिकी प्रभाग के सभी तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



