हाईटेक होगी गन्ना खेती: ‘सीड ट्रैकिंग ऐप' से किसानों को होगा फायदा
योगी आदित्यनाथ की सरकार गन्ना किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। इसके तहत एक नया मोबाइल ऐप विकसित किया जा रहा है, जिससे खेती को आधुनिक और आसान बनाया जाएगा। इस ऐप के जरिए गन्ना बीज की पूरी यात्रा—शोध केंद्र से लेकर किसानों के खेत तक—ट्रैक की जाएगी। इससे किसानों को प्रमाणित और बेहतर गुणवत्ता वाला बीज मिलने की गारंटी बढ़ेगी।
नई व्यवस्था के माध्यम से बीजों की कालाबाजारी पर लगाम लगेगी। ट्रैकिंग सिस्टम हर चरण की निगरानी करेगा, जिससे बीज वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनेगी। किसान मोबाइल ऐप के जरिए बीज की उपलब्धता देख सकेंगे, अपनी मांग दर्ज कर सकेंगे और सप्लाई की स्थिति को ट्रैक कर पाएंगे। इससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।
इस ऐप को भास्कराचार्य नेशनल इंस्टीट्यूट फार स्पेस एप्लीकेशन एंड जियो इन्फारमेटिक्स और उत्तर प्रदेश रिमोट सेंसिंग एप्लिकेशन सेंटर के सहयोग से तैयार किया जा रहा है, जिससे इसमें सटीक और उन्नत तकनीक का उपयोग हो सके। मोबाइल ऐप की टेस्टिंग जारी है और इसे १–२ महीने में लॉन्च करने की तैयारी है। यह परियोजना पीएम गति शक्ति योजना के तहत विकसित हो रही है, जिससे लागत भी न्यूनतम रखी गई है।



