किसानों के विकास को मिलेगा नया आधार
सहकारी गन्ना विकास समिति लि०, मोहिउद्दीनपुर (मेरठ) में समिति भवन के नवनिर्माण हेतु भूमिपूजन एवं कार्य शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लक्ष्मी नारायन चौधरी (कैबिनेट मंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, उत्तर प्रदेश) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य मंत्री, ऊर्जा सोमेन्द्र तोमर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ किसान नेता विजयपाल घोपला ने की, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी समिति के सभापति दीपक राणा ने संभाली।
अपने संबोधन में लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य किसान कल्याण है। उन्होंने बताया कि सहकारी गन्ना समितियों के माध्यम से किसानों को बेहतर सेवाएं, तकनीकी मार्गदर्शन और योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। नया समिति भवन इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
मंत्री ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने, चीनी मिलों की क्षमता बढ़ाने और समयबद्ध गन्ना भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इन प्रयासों से किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने जानकारी दी कि सहकारी चीनी मिल बागपत की पेराई क्षमता 2500 टीसीडी से बढ़ाकर 5000 टीसीडी करने की योजना को मंजूरी दे दी गई है। इससे क्षेत्र के गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. मंजू सिवाच सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों गन्ना किसान उपस्थित रहे।



